कार की टक्कर से रेहड़ी चालक की मौत, 10 घायल
बाहमणी वाला तिकोनी रोड पर हादसा, कार चालक गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद । 14 अगस्त को देर रात बाहमणी वाला तिकोनी रोड पर अनियंत्रित कार की टक्कर से रेहड़ी चालक की मौत हो गई। दस लोग घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। थाना सिटी पुलिस ने मृतक बलकार सिंह के पिता जरनैल सिंह निवासी मोहगा राजपूता के बयान पर दविंदर सिंह निवासी बाग कालोनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को देर रात तीन युवक कार से महालम से जलालाबाद की ओर आ रहे थे। यह लोग जब बाहमणी वाला त्रिकोनी रोड पर पहुंचे तो इनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे समोसों की रेहड़ी पर चढ़ गई। इसमें रेहड़ी मालिक बलकार सिंह पुत्र जरनैल सिंह समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान जसपाल सिंह, लेख राज, जसीर सिंह, शमिंदर सिंह, सोहन सिंह, पाला सिंह, सुनील कुमार व विपिन कुमार के रूप में हुई है। सभी को गंभीर अवस्था में सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। रेहड़ी मालिक बलकार सिंह की मौत हो गई।कढ़ाई का गर्म तेल गिरने से विपिन कुमार बुरी तरह से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक को काबू कर लिया। उसमें सवार दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए।
एसएचओ सिटी प्रेमनाथ ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मृतक के पिता के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।