सरकारी अस्पताल होशियारपुर में डायरिया मरीजों के लिए सांपला ने दी दवा
-पीड़ितों को किसी भी प्रकार की मुश्किल नहीं आने देंगे : सांपला
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर। पिछले कुछ दिनों से होशियारपुर में डायरिया फैला हुआ है, जिसने अब शहर में भयानक रूप ले लिया है। बीमारी से ग्रस्त लोगों के इलाज में किसी भी प्रकार की मुश्किल न आए इसे ध्यान में रखते हए केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला ने सिविल हॉस्पिटल होशियारपुर के लिए जरूरी दवाएं भिजवाईं।
जिला भाजपा की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरबजीत कौर, सांपला के निजी सहायक भारत भूषण वर्मा, जिला महासचिव एडवोकेट डीएस बागी, युवा मोर्चा के जिला प्रधान रोहित सूद हनी, भाजपा नेता दिलबाग सिंह सिद्धू ने सांपला की तरफ से दवाएं भेंट की। भारत भूषण वर्मा और सरबजीत कौर ने बताया की गत दिनों सांपला के निर्देश पर जिला प्रधान डॉ. रमन घई की अध्यक्षता में डायरिया से पीड़ित मरीजों का हाल जानने के लिए सिविल अस्पताल का दौरा किया था। इसमें पता चला था कि जिन दवाओं के प्रबंध माता चिंतपूर्णी के मेल में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए किया गया था। उसका इस्तेमाल डायरिया से पीड़ित मरीजों के लिए कर लिया गया है। आने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी सांपला को दी गई थी। इस पर सांपला ने जिलाधीश ईशा कालिया और सिविल सर्जन रेनू सूद से बात कर सारी स्थिति की जानकारी लेने के बाद मरीजों के लिए समय रहते दवाएं सिविल अस्पताल को उपलब्ध करवाईं हैं। सांपला ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम और सेहत विभाग को मिलकर काम करने की आवश्यकता है। यदि डायरिया की बीमारी लोगों को पीने के लिए मिलने वाले पानी के कारण हुई है तो निगम को पानी की शुद्धता पर ध्यान देना चाहिए और लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध करवाने के लिए तेजी से काम करना चाहिए।