विधायक संदोआ पर क्रास पर्चा करने की अपील
हमले के आरोपी अजविंदर की पत्नी ने जिला पुलिस को दी शिकायत
कहा, झगड़े में किसी हथियार का नहीं हुआ प्रयोग तो इरादा-ए-कत्ल की धारा हटाई जाए
विधायक के सुरक्षा कर्मी भी वापस लेने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रोपड़। आम आदमी पार्टी के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ पर हमले के आरोपी अजविंदर सिंह की पत्नी ने जिला पुलिस से विधायक पर क्रास पर्चा दर्ज करने की अपील की है। अजविंदर की पत्नी जसविंदर कौर ने जिला एसएसपी को दी शिकायत में कहा है कि विधायक संदोआ क्रशरों से पैसे इकट्ठे करने के लिए अजविंदर सिंह को कह रहा था। विधायक ने कहा था कि कुछ क्रशर वाले तो उन्हें पैसे दे रहे हैं, पर जो नहीं दे रहे उनसे एक लाख रुपये की सेटिंग करवा दो। जसविंदर कौर ने शिकायत में विधायक को पांच लाख रुपये देने की बात भी लिखी है।
उन्होंने कहा कि विधायक के सुरक्षा कर्मी ने अजविंदर सिंह की पगड़ी उतारी है, ऐसे में जिसके लिए सुरक्षा कर्मी पर भी कार्रवाई की जाए। जसविंदर कौर ने विधायक की सुरक्षा भी वापस लेने की अपील की और आरोप लगाया कि विधायक संदोआ सुरक्षा कर्मियों की आड़ में धमकाता है। जसविंदर कौर ने इस शिकायत में विधायक के पीए जसपाल सिंह और आम आदमी पार्टी के रोपड़ सर्कल इंचार्ज राकेश जिंदल पर भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक के साथ हुए झगड़े में कोई तेजधार हथियार नहीं निकाला गया लेकिन अजविंदर सिंह और बाकी लोगों पर इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज कर दिया गया। एसएसपी से मांग की कि अजविंदर सिंह पर इरादा-ए-कत्ल और पगड़ी उतारने की लगाई धारायें हटाई जाएं और विधायक संदोआ पर भी क्रास मामला दर्ज किया जाए।
जानकारी के अनुसार एसएसपी ने जसविंदर कौर की शिकायत जांच के लिए डीएसपी (डी) वरिंदरजीत सिंह को मार्क कर दी है। एसएसपी राजबचन सिंह संधू ने कहा कि जसविंदर कौर की शिकायत पर जांच की जा रही है और जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं आम आदमी पार्टी के सर्कल इंचार्ज राकेश जिंदल ने कहा कि वह तो झगड़े वाले दिन विधायक संदोआ के कहने पर पत्रकारों को लेकर वहां गए थे। उन्होंने कहा कि वह अजविंदर सिंह समेत विधायक के साथ झगड़ा करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं जानते ओर न ही वे लोग उन्हें जानते है। पार्टी का वालंटियर होने के नाते वह विधायक के कहने पर खड्ड में गया था।
---कोट--
जो गलती करेगा उसको गलती की सजा भुगतनी पड़ेगी। झगड़े के समय अजविंदर सिंह के पास रिवाल्वर थी जो मौके पर बनी वीडियो में भी दिखाई देती है। अजविंदर के पास रिवाल्वर का लाइसेंस नहीं है। उन पर पैसे लेने के लगाए जा रहे आरोप गलत हैं।
- अमरजीत सिंह संदोआ, विधायक