गर्मी के साथ बढ़ी पानी की समस्या
कंडी इलाके के गांवों में पेयजल के लिए परेशान हो रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
तलवाड़ा (होशियारपुर)। बढ़ती गर्मी के साथ-साथ कंडी इलाके के गांवों में पीने के पानी की समस्या भी बढ़ती जा रही है। हर रोज किसी न किसी गांव में पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इससे कंडी के लोग परेशान हो रहे हैं
ब्लॉक तलवाड़ा के अधीन गांव डुलाल के बलोटु मोहल्ले में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। मोहल्ला निवासी मास्टर सोमराज, सुशील कुमार, विपिन कुमार, विजय कुमार, रजत कुमार, अजय कुमार ,अनिकेत, पूजा पोली देवी का कहना है कि क्षेत्र में पिछले 20 दिन से पानी की सप्लाई प्रभावित है। पिछले 5 दिनों से पानी बिल्कुल भी नहीं आ रहा जिससे गांव के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इंसानों के साथ पशु भी पानी की समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। हम लगातार गांव की वाटर सप्लाई से संपर्क में हैं। समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। बाकी सारे इलाके में पानी अच्छा आता है पर हमारे मोहल्ले में ही पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। पानी बिल्कुल ही बूंद की तरह गिरता है और पिछले 5 दिनों से बूंद बूंद का भी आना बंद हो चुका है। विभाग के एसडीओ गुरबचन सिंह डडवाल से बात की गई तो उनका कहना है की समस्या हमारे ध्यान में हैं। हम लगातार इस मोहल्ले की लाइन को चेक कर रहे थे। आज ही सुबह पाइप में ब्लॉकेज पाई गई, जिसे ठीक कर दिया गया है और पानी सुचारु ढंग से चल रहा है