ट्रक ऑपरेटर का टेंडरों के बायकाट का एलान
सरकार की मंडियों से गेहूं की ढुलाई नई नीति खिलाफ हुए लामबंद
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा।
राज्य सरकार ने पहली अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करने का एलान कर दिया है। वहीं ट्रक ऑपरेटरों के मंडियों में से जिंस की ढुलाई की नई नीति के तहत टेंडरों का बायकाट करने कारण प्रशासनिक अधिकारी पशोपेश में हैं।
बधनी कलां में ट्रक यूनियन प्रधान जसवंत सिंह पप्पी व जिला प्रधान लखवीर सिंह लक्खा भाऊ के नेतृत्व में हुई ट्रक ऑपरेटरों की मीटिंग हुई। बैठक में नई नीति के तहत मंडियों में से गेहूं की ढुलाई के टेंडरों का बायकाट करने का फैसला किया गया। ट्रक ऑपरेटरों ने एकजुट हो कर कहा कि वह पहले ही आर्थिक मंदी की मार झेल रहे हैं और नई नीति के तहत उनका भाड़ा कम करने से ौर आर्थिक चोट लगी है। वह नई नीति के तहत तय किए भाव पर किसी भी तरह ढुलाई नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ट्रक ऑपरेटरों को आर्थिक पक्ष से मजबूत करना चाहती है तो पुरानी नीति बहाल रखी जाए। उन्होंने कहा कि ट्रक ऑपरेटर प्रदेश स्तर पर एक झंडे तले मंडियों में से गेहूं उठाने के लिए बनाई नई नीति का तब तक विरोध जारी रखेंगे जब तक पुरानी नीति लागू नहीं की जाती। इस मौके बलदेव सिंह बधनी कलां, जगराज सिंह, गोरा एमएलए, जगमोहन सिंह गुग्ग, दलबार सिंह राऊके, ऋषि रणिया के अलावा बड़ी संख्या में ट्रक ऑपरेटर मौजूद थे।
दूसरी तरफ जिला खाद्य एवं सप्लाई कंट्रोलर रजनीश कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार गेहूं की खरीद को यकीनी बनाने के लिए दृढ़ यत्नशील है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गेहूं की लोडिंग एवं अनलोडिंग की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों से अपील की कि वह पूर्ण सहयोग करे। उन्हें सरकार की नीति के मुताबिक अदायगी की जायेगी। उन्होंने कहा कि जो ट्रांसपोर्टर सरकार की हिदायत मुताबिक ढुलाई का काम करेंगे, उनको सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।