घी फैक्टरी में भयंकर आग से करोड़ों का नुकसान
दमकल गाड़ियों ने 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
अबोहर-मलोट रोड पर स्थित रेडिस्को घी फैक्टरी में शुक्रवार सुबह भयंकर आग लग गई। इसे बुझाने के लिए अबोहर के अलावा आसपास के शहरों की दमकल गाड़ियों ने कई घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे फैक्टरी में करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान है।
आरडी गर्ग की इस घी फैक्टरी में शुक्रवार सुबह 5 बजे अचानक भयंकर आग लग गई। इससे फैक्टरी में रखा घी और मशीनरी जलने लगी। आग इतनी भयंकर थी कि फैक्टरी से निकलने वाला काला धुआं कई किलोमीटर तक फैल गया। सूचना मिलते ही अबोहर के अलावा फाजिल्का, मलोट, मुक्तसर और गिद्दड़बाहा की दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। वहीं फैक्टरी के सैकड़ों कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर घी के डिब्बे बाहर निकालने और आग बुझाने में जुटे रहे।
आग पर काबू पाने के लिए फैक्टरी के कई हिस्सों को जेसीबी से तोड़ा गया और करीब 6 घंटे के बाद इस पर काबू पाया जा सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमरजीत सिंह मटवानी और एसडीएम पूनम सिंह ने सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की आपात टीमें गठित की और दो एंबुलेंसों को मौके पर भेजा। हालांकि आग बुझाए जाने तक इस घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं शहर के कई उद्योगपति और व्यापारी भी मौके पर पहुंचे। इस बारे में आरडी गर्ग के अनुसार आग से फैक्टरी में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं जांच के बाद ही नुकसान का सही अंदाजा लगाया जा सकेगा।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 भेजी जा रही है।