संदिग्ध हालात में दो बुजुर्गों की मौत
ट्यूबवेल के कमरे में सो रहे थे, सुबह मृत मिले
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर।
ऊना रोड स्थित गांव अलाहाबाद में ट्यूबवेल के कमरे में सोए दो व्यक्तियों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। फिलहाल मौत का कारण जहरीले धुएं से दम घुटना या जहरीली शराब पीने को माना जा रहा है। थाना सदर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होगा। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गांव अलाहाबाद में खेतों पर लगे ट्यूबवेल के कमरे में महिंदर सिंह (50) पक्के तौर पर रहता था। उसके पास वीरवार की राथ गांव का ही राम किशन (65) आ गया। दोनों ने वहां पर पहले शराब आदि का सेवन किया और बाद में ट्यूबवेल वाले कमरे के भीतर ही सो गए। शुक्रवार को सुबह जब कोई खेतों में गया तो उसने कमरा खोलने के लिए दरवाजा खटखटाया। जब कमरे से कोई जवाब नहीं मिला तो उसने गांव के अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस व गांव निवासियों ने जब कमरा खोला तो दोनों व्यक्ति मृत पड़े थे। आशंका है कि दोनों में से किसी ने बीड़ी आदि पी होगी। जब उसने बीडी फेंकी तो कमरे के भीतर रखे रसायतों में चिंगारी भड़कने से धुआं पैदा हुआ होगा, जिस कारण दम घुटने से उनकी मौत हो गई। यह भी आशंका है कि जहरीली शराब होना भी मौत का कारण हो सकता है। सूचना मिलते ही डीएसपी सुखविंदर सिंह, थाना सदर प्रभारी राजेश अरोड़ा तथा एएसआई जसवीर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच कर शवों को कब्जे में लेकर जांच शुुरू कर दी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।