प्रवासियों को उनके राज्य भिजवाते प्रशासनिक अधिकारी व मौजूद अन्य।
- फोटो : PKL OFFICE
पिंजौर। पंचकूला प्रशासन ने पिंजौर के गांव मढ़ावाला और उसके अंतर्गत आने वाली कॉलोनियों से 152 प्रवासी मजदूर पूर्व विधायक लतिका शर्मा की मौजूदगी में उनके राज्य के लिए रवाना किए। ज्ञात हो कि बीते दिनों सैकड़ों प्रवासी मजदूर अपने राज्य जाने की मांग को लेकर मढ़ावाला में एकत्रित हुए थे।
उनकी मांग थी कि उनके लिए खाने की व्यवस्था करने के साथ साथ पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में कंपनियों को खुलवाया जाए या उन्हें उनके राज्य बिहार, यूपी भेजा जाए। पूर्व विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में डीसी पंचकूला से बात की थी और वीरवार को 152 प्रवासी मजदूरों को 5 बसों में उनके राज्य सहारनपुर रवाना कर दिया गया है। पूर्व विधायक ने बताया कि बिहार में जाने वाले प्रवासी मजदूरों की संख्या ज्यादा है और उनकी कोशिश है कि जल्दी ही उन्हें कालका स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से उनके राज्य भेजा जाए।
इस दौरान विधायक के साथ तहसीलदार विरेंद्र सिंह गिल, इनसीडेंट कमांडर सुरिंद्र सहरावत, जिला उपाध्यक्ष संजीव कौशल, कालका मंडल अध्यक्ष भवनजीत सिंह, पिंजौर मंडल अध्यक्ष नराता राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील धीमान आदि मौजूद रहे।