बारहवीं की बोर्ड परीक्षा आज से, सभी प्रबंध पूरे
परीक्षा के लिए पूरे जिले में 118 सेंटर बनाए
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 28 फरवरी से शुरू की जा रही 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। दोपहर 2 से सवा 5 बजे तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए पूरे जिले में 118 सेंटर बनाए गए हैं। इसमें जिले के 28 सेंटर शामिल हैं। बोर्ड परीक्षा के तहसील इंचार्ज राजेश सचदेवा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड की ओर से एक सुपरिंटेंडेंट और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट नियुक्त किया गया है। वहीं बाकी का स्टाफ परीक्षा केंद्र वाले स्कूल का ही होगा। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में जलालाबाद इलाके के चार परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। वहां पर सीसीटीवी कैमरों का प्रबंध किया जाएगा।
वहीं पूरे जिले के 118 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं कक्षा के 12,712 रेगुलर और 1095 ओपन स्कूल के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें किसी तरह के कैमरे, मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रानिक वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही शिक्षा बोर्ड ने खास हिदायत दी है कि किसी भी परीक्षार्थी के बूूट और जुराबें नहीं उतरवाए जाएंगे। नकल रोकने के लिए छात्राओं की तलाशी महिला स्टाफ की ओर से ही ली जाएगी। दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा समय में 30 मिनट अधिक दिए जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्रों में 35 विद्यार्थियों पर एक परीक्षा नियुक्त होगा। सचदेवा ने बताया कि परीक्षा के सभी प्रश्नपत्र बैंकों में रखे जाएंगे। परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा नियंत्रक बैंकों से प्रश्नपत्र हासिल करेगा। सूबे भर में 12वीं कक्षा के 3 लाख 40 हजार 75 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। उनके लिए 2596 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें से 100 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील मानते हुए यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।