जीत केसाथ ही मेयर की कुर्सी की दौड़ शुरू
क्रासर - सियासी हलकों में कयासों का दौर तेज
खास बातें -
मेयर के लिए ममता आशू, बलका संधू, पाल गरेवाल का नाम
अमृत वर्षा रामपाल, गुरप्रीत बस्सी सीनियर डिप्टी मेयर की दौड़ में
डिप्टी मेयर के लिए शाम सुंदर मल्होत्रा, अशोक पराशर की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव में जीत के साथ ही कांग्रेस में मेयर की कुर्सी की दौड़ भी शुरू हो गई है। पूर्ण बहुमत के साथ दस साल बाद सत्ता में आई पार्टी में निगम सदन के तीनों अहम पदों के लिए लॉबिंग तेज हो गई है। वहीं, सियासी हलकों में भी कयासों का दौर तेज हो गया है।
कांग्रेसी हलकों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक मेयर पद की दौड़ में सबसे आगे विधायक भारत भूषण आशू की पत्नी ममता आशू, बलकार संधू, पाल सिंह गरेवाल का नाम सबसे आगे है। डॉ. जय प्रकाश का नाम भी चर्चा में है। माना जा रहा है कि नियुक्ति में सांसद रवनीत बिट्टू, विधायक आशू व संजय तलवाड़ की ही चलेगी। अगर ऐसा हुआ तो ममता आशू और बलकार संधू के बनने की उम्मीद है। लेकिन पाल सिंह गरेवाल को सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के सलाहकार कैप्टन संदीप संधू शिअद से लाए थे। उनका दावा भी मजबूत माना जा रहा है। सीनियर डिप्टी मेयर पद महिला पार्षद को देने की परंपरा रही है। इस पद केलिए अमृत वर्षा रामपाल और गुरप्रीत बस्सी केनामों की चर्चा ज्यादा है। इंदू थापर का नाम भी चल रहा है। डिप्टी मेयर की दौड़ में शाम सुंदर मल्होत्रा, राकेश पराशर का नाम आगे चल रहा है। इनके अलावा नरिंदर काला और महाराज राजी भी दौड़ में हैँ। सांसद रवनीत बिट्टू ने कहा कि चुने गए पार्षदों की राय और पार्टी के प्रति वफादारी को देख कर ही मेयर चुना जाएगा। जल्द ही प्रदेश नेतृत्व पार्षदों की राय लेगा। लेकिन पार्षदों में चर्चाएं हैं कि बाकी तीनों निगमों की तरह लुधियाना में भी सबको दरकिनार कर सीएम खुद ही अपनी पसंद के पदाधिकारी चुन सकते हैं। बाकी निगमों की तरह यहां भी निकायमंत्री नवजोत सिद्धू की कोई भूमिका होने की उम्मीद नहीं है।