बेखौफ दौड़ रहे हैं ओवरलोड वाहन
16 कर्मचारी होने के बावजूद शहर का ट्रैफिक सिस्टम आउट ऑफ कंट्रोल
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
बरनाला में ट्रैफिक पुलिस के 16 कर्मचारी होने के बावजूद शहर का ट्रैफिक सिस्टम आउट ऑफ कंट्रोल है। जो पैदल जाते शहरवासियों के लिए खतरनाक बन चुका है। आलम यह है कि शहर में घूमते ट्रेक्टर ट्रालियां, पीटर रेहड़े जैसे अवैध वाहन जिन पर ओवरलोडिंग की जा रही है। खस्ता व अपनी उम्र पूरी कर चुकी स्कूली बसें दिन रात शहर में दौड़ रही हैं। ग्रामीण युवक बड़े-बड़े ट्रैक्टरों एवं सस्ते सेल बाजारों से खरीदी गईं खुली छत वाली जीपें शहर में दौड़ा रहे हैं, जिन पर ऊंची आवाज वाले आवाज प्रदूषण फैलाते म्यूजिकल सिस्टम लगे हैं। अधिकारी कर्मचारियों की कमी बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
गौरतलब हो कि बरनाला में ट्रैफिक पर काबू पाने के लिए स्कूली वाहनों और व्यापारिक वाहनों के लिए समय निर्धारित किया हुआ है। शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर पाबंदी है। आदेशों की उलंघना करने वालों के खिलाफ डिप्टी कमिश्नर द्वारा धारा 144 के अनुसार पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश हैं। उसके बावजूद प्रतिबंधित वाहन कानून की धज्जियां उड़ाते शरेआम पुलिस के सामने से बेखौफ निकल रहे हैं। बता दें कि काफी शिक्षण संस्थानों ने छोटे वाहनों की जगह बसें ही जोड़ रखी हैं। जिनमें अधिकांश बसें खस्ताहाल हैं। एसएसपी हरजीत सिंह का कहना है कि इस मामले पर जल्द बात की जाएगी। बार-बार बाधित होते ट्रैफिक से शहर को निजात दिलाने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। योग्य स्टाफ को तैनात किया जाएगा।