फौजी की संदिग्ध हालात में मौत
तीन डाक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम, एक भाई डिब्रूगढ़ में हुआ था शहीद
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
फाजिल्का रोड स्थित आर्मी छावनी के एक जवान की सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। थाना नंबर एक पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है। शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों का पैनल करेगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के जिला झज्जर निवासी कुलदीप सिंह पुत्र राम कुमार आर्मी में लांस नायक तैनात था और अपने परिवार सहित अबोहर छावनी के क्वाटर्र नंबर 4/57 में रहता था। सोमवार रात अचानक उसकी हालत खराब होने पर पत्नी ने आसपास के जवानों को सूचना दी। उन्होंने उसे तुरंत आर्मी अस्पताल में भर्ती करवाया। नहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य जवानों ने मृतक के गले पर निशान होने के कारण इस की सूचना थाना नंबर 1 को दी।
सूचना मिलते ही एसपी अमरजीत सिंह, डीएसपी गुरबिंदर सिंह सहित थाना प्रभारी परमजीत मौके पर पहुंचें और जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। इधर मृतक के भाई ओम प्रकाश ने बताया कि इससे पूर्व उसका एक भाई असम के डिबरूगढ़ में शहीद हो गया था। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलदीप के पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम का गठन किया गया, जिसमें सर्जन डा. गगनदीप सिंह, अमन नागपाल व डा. लवली शामिल हैं। डीएसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मृतक के फोन की काल डिटेल व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।