जांच में सही मिली खामियां तो बंद होगी बुढलाडा की निजी आईटीआई: चन्नी
विद्यार्थियों को दी गई थी घर से प्रोजेक्ट तैयार करके लाने की छूट
डीसी से मांगी तीन दिन में रिपोर्ट, शिकायत पर तहसीलदार ने किया था औचक निरीक्षण,
मानसा।
युवाओं को रोजगार देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से चलाई गई स्किल इंडिया मुहिम के करवाए जा कोर्सों में नियमों की धज्जियां उड़ने लगी हैं। बुढलाडा की एक प्राइवेट आईटीआई के प्रबंधकों ने विद्यार्थियों से प्रोजेक्ट घर से तैयार करके लाने के जुबानी आदेश दिए हैं। जबकि इन्हेें आईटीआई मेें ही तैयार किया जाना चाहिए। मामला तहसीलदार बुढलाडा सुरिंद्र सिंह के औचक निरीक्षण के बाद सामने आया।
स्किल इंडिया डेवलपमेंट के तहत मंजूर इस प्राइवेट आईटीआई में बिल्डर, इलेक्ट्रीशियन और सिलाई के कोर्स करवाकर स्व रोजगार होने की सिखलाई दी जाती है। तहसीलदार के औचक निरीक्षण में सामने आया कि आईटीआई के प्रबंधकों ने विद्यार्थियों को परीक्षा के प्रोजेक्ट घर से करवाकर लाने की छूट दी है। इस दौरान यह भी सामने आया कि परीक्षा देते समय 42 में से 24 विद्यार्थी ही मौजूद थे। इलेक्ट्रीशियन का कोर्स करने वाले 21 में से 11 विद्यार्थी ही हाजिर थे जबकि सिलाई, कढ़ाई की परीक्षा देते समय एक ही छात्रा मौजूद थी। तहसीलदार ने परीक्षा देने के समय से करीब एक घंटा देर से आने वाले विद्यार्थियों के विवरण और उनके नाम भी दर्ज किए। सिलाई, कढ़ाई का कोर्स करने वाली एक छात्रा गुरजीत कौर ने बताया कि उनको अध्यापकों का आदेश था कि वह घर से खुद या किसी से पोशाक तैयार करके लाएं। इसके बाद एसडीएम ने तहसीलदार को चेकिंग के आदेश दिए थे। तहसीलदार सुरिंद्र सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट उन्होंने उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
आईटीआई प्रबंधक कृपाल सिंह का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप गलत है। आईटीआई में नियमों का पालन किया जा रहा है। तकनीकी शिक्षा व औद्योगिक सिखलाई मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का कहना है कि तकनीकी शिक्षा के नाम पर युवाओं से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। बुढलाडा की एक निजी आईटीआई की ओर से नकल करवाने के मामले का संज्ञान लिया गया है। इस संबंधी हिदायतें भी जारी की गई हैं। उन्होंने कहा कि मानसा के डीसी धर्मपाल गुप्ता से इस संबंधी तीन दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है। नकल करवाने का मामला सही पाया गया तो उक्त निजी आईटीआई को बंद कर दिया जाएगा।