हाय मैं लुट्टी गई में पति पत्नी की नोक झोक ने खूब हंसाया
-टैगोर थियेटर में चार दिवसीय नाट्य उत्सव का आगाज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हाय मैं लुट्टी गई नाटक के साथ वीरवार को टैगोर थियेटर में चार दिवसीय नाट्य उत्सव का आगाज हुआ। इस नाटक ने जहां दर्शकों को खूब हंसाया, वहीं खूब तालियां भी बटोरीं। यह फेस्टिवल उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला की ओर से आयोजित किया गया है। पहले दिन लेमन ड्राप्स आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने यह पंजाबी कामेडी नाटक को मंचन किया, जिसका निर्देशक प्रीति जैन ने किया। फेस्टिवल में तीन हिंदी नाटक का भी मंचन किया जाएगा।
जब पति को आया एक फोन कॉल..
अच्छी भली खुशहाल पत्नी पति की जिंदगी उस समय भरपूर ड्रामे से भर गई जब पति को एक फोन कॉल आया और पत्नी के शक ने उस कॉल से तलाक तक पहुंचने का फैसला तक ले लिया। नाटक की इस रोचक कहानी को कलाकारों ने अपनी कामेडी से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। कहानी की शुरूआत एक मोबाइल फोन से शुरू होती है। जहां एक दंपति बेहद खुशहाल तो होते हैं, लेकिन इस फोन कॉल से उनकी जिंदगी में खूब सारा ड्रामा भर जाता है। कहानी में दिखाया गया कि एक दिन पति फोन पर बात करता है और पत्नी सोचती है कि उसके पति का कोई परिचित है। इस मामले पर बहुत बहस और विवाद होता है। सभी पात्र एक-एक करके मंच पर आते हैं, लेकिन समाधान कुछ भी नहीं निकलता। हर कोई भ्रमित हो जाता है। झगड़ा इतना बढ़ जाता है कि बात तलाक तक पहुंच जाती है। कहानी के अंत तक पत्नी पति की नोक झोक ने सभी को खूब हंसाया।
नाटक कॉमेडी से भरपूर रहा। इसमें मुख्य भूमिका जसवीर कुमार, प्रीति जैन, मनप्रीत सिंह, रिंकू जैन, सोनिका भाटिया, सौरभ बग्गा, ममता महाजन, राहुल, मीना चड्ढा, सनी संधू, मुकेश चंडालिया, चंदा, पदम सिंधरा ने निभाई। फेस्टिवल के मुख्य मेहमान डॉ. बीएस चवन, प्रधान, निदेशक, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सेक्टर- 32 थे। वहीं विशिष्ट अतिथि लक्ष्मीकांत तिवारी थे। अंत में मुख्य मेहमानों ने कलाकारों को सम्मानित किया।
18 जनवरी को होगा कंबल नाटक का मंचन
सेंटर के निर्देशक प्रो. सौभाग्य वर्द्धन ने बताया कि नाट्योत्सव के दूसरे दिन कंबल नाटक का मंचन होगा। इसके उत्सव कला मंच चंडीगढ़ ग्रुप की ओर से प्रस्तुत किया जाएगा। एक घंटे 15 मिनट के इस नाटक का निर्देशन अनुप शर्मा ने किया है। इसका मंचन टैगोर थियेटर सेक्टर-18 में शाम 6.30 बजे होगा।