पानी की टेस्टिंग की दर में बढ़ोतरी
नगर निगम ने जारी किया नोटिस
जिन लोगों ने अनुमति लेकर ट्यूबवेल लगाया है उन्हें महीना में एक बार पानी की जांच करना जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अब नगर निगम के सेक्टर 39 स्थित वाटर वर्कर्स स्थित टेस्टिंग लैबोरेटरी में पानी की जांच करवाना महंगा हो गया है। इसके लिए नगर निगम ने शुक्रवार को एक नोटिस जारी किया है। इसके तहत अब लैबोरेटरी में किए जानेवाले पानी के विभिन्न प्रकार के जांच की दरों को संशोधित किया है।
सभी कामर्शियल, घरेलू, संस्थान पर जहां पर जलापूर्ति के लिए ट्यूबवेल स्वीकृत हैं उन्हें महीना में एक बार सेक्टर 39 के वाटर वर्क्स की लैबोरेटरी में एक बार केमिकल और बैक्टीरियोलॉजिकल पैरामीटरों के लिए पानी के सैंपलों की जांच करवानी होगी। यदि जांच नहीं करवाई गई तो वाटर बायलॉज के अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
ये हैं दरें
केवल केमिकल टेस्टिंग 1500 रुपये प्रति सैंपल, पहले यह पांच सौ रुपये थी।
केमिकल और बैक्टीरियोलॉजीकल टेस्टिंग के लिए 3000 रुपये प्रति सैंपल, पहले एक हजार रुपये थी।
सैंपल कलेक्शन के लिए अतिरिक्त प्रभार 300 रुपये प्रति सैंपल, पहले दो सौ रुपये थी।
कोट
संशोधित दरें लागू हो गई हैं। इसके लिए एक जन सूचना जारी की गई है। वे सभी परिसर जहां पेय जलापूर्ति के लिए ट्यूबवेल स्वीकृत हैं उन्हें नगर निगम की लैब में महीना में एक बार जांच करानी जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर वाटर बायलॉज के अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
- केके यादव, आईएएस, नगर निगम चंडीगढ़।