एसडीएम ने देखी सड़क की दुर्दशा
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
गुरदासपुर के सांसद व पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ के ुभाष नगर स्थित निवास को जाने वाली जर्जर हाल सड़क का एसडीएम पूनम सिंह ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद वाटर एवं सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों को शीघ्र ही समस्या हल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गंदगी से बदहाल हुए नेताजी सुभाष पार्क का भी दौरा किया और शीघ्र ही उसके जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया। फैलोज क्लब के प्रधान जगदीश जुनेजा सहित सुभाष नगर निवासियों ने एसडीएम को बताया कि पिछले कई वर्षों से इस गली का सीवर जाम होने से दूषित पानी सांसद निवास को जाने वाली सड़क पर भरा रहता है। इससे सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इसके साथ ही सीवर का पानी नेता जी सुभाष पार्क में भरा रहता है जिससे पार्क गंदे पानी का दलदल बन चुका है। इस गली में सांसद निवास के साथ ही तहसीलदार जैत कंवर का भी आवास भी है इसके बावजूद भी सीवरेज बोर्ड और नगर परिषद अधिकारियों ने कभी भी समस्या परध्यान नहीं दिया। जुनेजा ने कहा कि सीवर सिस्टम सही हो जाए तो क्लब पार्क की देखरेख करने को तैयार हैं। इस पर एसडीएम ने अधिकारियों को आदेश दिए किए जब तक अमृत योजना के तहत इस सड़क के सीवर लाइन का कार्य सुचारु नहीं होता तब तक पंप लगाकर जलनिकासी की जाए उन्होंने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी विजय जिंदल को पार्क की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश देते हुए कहा कि संस्थाओं के सहयोग से पार्क का जीर्णोद्धार कराएं।