पंचायत सचिवों का सर्वे से इंकार
एसडीएम ने महात्मा गांधी सरबत योजना को लेकर बुलाई थी बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
सरकारी स्कीमों को जन-जन तक पहुंचाने व स्कीमों के योग्य लोगों की पहचान करने के लिए शुरू की गई महात्मा गांधी सरबत विकास योजना के तहत पंचायत सचिवों ने सर्वे करने से इंकार कर दिया। इससे यह कार्य अधर में लटने की संभावना तेज हो गई है। हालांकि एसडीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले में राजनीतिक दखलंदाजी नहीं होगी। वहीं पंचायत सचिवों का कहना था कि पहले से दिए गए कार्य अभी तक पूरे नहीं हुए और हर रोज नए-नए कार्य उन पर थोपे जा रहे हैं।
योजना के तहत एसडीएम पूनम सिंह ने शुक्रवार को सभी बीडपीओ व पंचायत सचिवों की एक बैठक बीडीपीओ कार्यालय-1 में बुलाई और योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। एसडीएम ने बताया कि महात्मा गांधी सरबत विकास योजना के तहत सभी पंचायत सचिव घर-घर जाकर सर्वें करेंगे। जिसमें सरकार द्वारा दी जाने वाली स्कीमों जैसे पैंशन, आटा दाल स्कीम, स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं, मुफ्त 200 यूनिट बिजली योजना, भगत पूर्ण सिंह स्वास्थ्य बीमा योजना, घर घर शौचालय योजना, अटल पैंशन योजना, मुद्रा स्कीम, मनरेगा, कौशल विकास योजना, सुकन्या स्कीम, शगुन स्कीम, छात्रवृति, जीवन ज्योति, आदि करीब 23 योजनाओं की जानकारी एक फार्म पर दर्ज करके यह पता लगाया जाएगा कि कितने लोगों को इन स्कीमों का लाभ मिल रहा हैं।
उन्होंने बताया कि सर्वे होने के बाद योजनाओं से वंचित लोगों को इनका लाभ दिया जाएगा। उन्होंने गांवों के नंबरदारों, सरपंचों के सहयोग से शीघ्र ही सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में आए पंचायत सचिवों ने इस सर्वे से इंकार करते हुए कहा कि सरकार पहले ही उन्हें इतने कार्य सौंप चुकी है जो अभी तक पूरे नहीं हो रहे हैं। इसके साथ ही राजनीतिक दखलंदाजी से उन्हें कार्य करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनकी पंजाब स्तरीय यूनियन ने इस कार्य के बायकाट करने का निर्णय किया है और यूनियन पदाधिकारियों की सहमति के बिना वे यह कार्य शुरू नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर यूनियन ने उन्हें अनुमति दी तो एक पंचायत सचिव सिर्फ एक गांव का ही सर्वे करेगा। इस पर एसडीएम ने भरोसा दिया उनके काम में प्रशासन पूरी मदद करेंगा। बैठक में बीडीपीओ अबोहर ब्लाक भूपेंद्र सिंह, खुईयां सरवर ब्लाक के जसवंत सिंह, बलकरण सिंह व गगनदीप, रामरतन, रीडर हरदीप कौर व पंचायत सचिव मौजूद थे।