सड़क किनारे खड़े युवकों को टैक्टर-ट्राली ने कुचला, मौत
ट्रैक्टर चालक मौके से फरार, गांव रामपुरा के पास हादसा
फाजिल्का।
उपमंडल के गांव रामपुरा के पास वीरवार रात सड़क के किनारे खड़े दो लोगाें को ट्रैक्टर-ट्राली ने बुरी तरह कुचल दिया। इससे एक-एक करके दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
गांव रामपुरा निवासी गुलाब चंद ने बताया कि वीरवार रात करीब साढ़े सात बजे उनका बेटा राकेश अपने साथी रोशन लाल के साथ गांव के पास ही खराब हुए गैस एजेंसी के रिक्शा चालक की मदद करने गए थे। जब वह दोनों सड़क के किनारे खड़े थे तो अबोहर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। इससे रोशन लाल और राकेश कुमार बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां डॉक्टरों ने राकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। रोशन लाल को बठिंडा रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि गुलाब चंद के बयान पर ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।