पिंजौर। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पंचकूला की टीम ने पिंजौर में इस्लामनगर पंगा, हिमशिखा कॉलोनी के समीप हुडा की जगह से करीब 15 अवैध कब्जों को हटाया। इसके बाद इस्लामनगर माजरी में टीम पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध जताया और मौके पर जेजेपी जिलाध्यक्ष भागसिंह दमदमा को मौके पर बुलाया।
दमदमा ने विभागीय टीम के सदस्यों को बताया कि वे जिस निर्माण को तोड़ने पहुंचे हैं वह निर्माण गांव की आबादी की जगह में बनाया गया है। इस निर्माण के संबंध में जो भी संबधित कागज हैं वे विभाग सामने पेश कर देंगे, तब तक निर्माण पर कार्रवाई न की जाए। दमदमा की बात सुनने के बाद विभागीय अधिकारी मौके से चले गए। इस दौरान भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
कागज पेश नहीं कर पाए तो होगी कार्रवाई : एसडीओ
एसके खुराना एसडीओ हुडा ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान जिन लोगों ने हुडा की जगह पर अवैैध निर्माण किया है उस पर विभाग ने कार्रवाई की है। इस दौरान करीब 15 अवैध कब्जों को हटाया गया है। इसके अलावा इस्लामनगर माजरी वाले निर्माण को लेकर ग्रामीणों को इस संबंध में कागज दिखाने के लिए समय दिया गया है। यदि वे कागज पेश नहीं करवा पाते तो विभाग कार्रवाई करेगा।