आरोपियों की गिरफ्तारी को बाजार बंद, प्रदर्शन
मानसा। व्यापारी चिमन लाल के कार ड्राइवर सतपाल शर्मा के कत्ल दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को शहर का बाजार बंद रहा। साथ ही आप विधायक बुध राम व कांग्रेसी नेता रणजीत कौर भट्टी की अगुवाई में शहरवासियों ने मंदिर चौक पर धरना लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लिफ्ट लेने के बाद ड्राइवर का कत्ल करने के बाद कार छीनने का मामला अगस्त 2016 में गाड़ी के मालिक व्यापारी चिमन लाल के अगवा कांड से जुड़ता दिख रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि अगस्त 2016 में बुढलाडा निवासी और बरेटा में फाइवर फैक्टरी चलाने वाले व्यापारी चिमन लाल को कुछ व्यक्तियों ने रात के समय अगवा कर लिया था। आरोपियों ने एक करोड़ की फिरौती लेकर करीब एक माह बाद व्यापारी को छोड़ा था।। व्यापारी को अगवा करने के आरोप में बरेटा पुलिस ने एसजीपीसी सदस्य सुखचैन सिंह के पुत्र कल्याण सिंह व उसके एक रिश्तेदार गुरप्रीत सिंह मामला दर्ज करके गिरफ्तार करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया था। बताया जा रहा है कि उक्त मामले में व्यापारी चिमन लाल की पेशी है और उसके ड्राइवर से कार छीनकर कत्ल करने का मामला भी इसी से जुड़ता दिख रहा है।
उधर, धरने के दौरान विधायक बुधराम, जतिंदर मोहन गर्ग, टेक्निकल यूनियन के तारा चंद, मुनीम मुंशी यूनियन के गोबिंद शर्मा, भीम सिंह मंडेर ने मांग की कि सतपाल शर्मा के कत्ल आरोपियों को गिरफ्तार करके उन्हें जेल भेजा जाए। कांग्रेसी नेता रणजीत कौर भट्टी ने शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। थाना मुखी जसवीर सिंह का कहना है कि पुलिस मामले में फोन काल डिटेल खंगालने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि इस कत्ल में व्यापारी अगवा कांड, घरेलू कारण तथा अन्य बातें होने का शक है। जिस की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।