थानेदार के खिलाफ एसएसपी ने किया कार्रवाई का दिखावा
- महिला फरियादी ने थानेदार पर लगाए थे गंभीर आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला । लगता है पुलिस अफसरों ने थाना जोधा में एक पुलिस मुलाजिम के व्यवहार से तंग आकर महिला सिपाही के खुदकुशी करने की घटना से कोई सबक नहीं लिया है। आरोप है कि थानेदार के खिलाफ शिकायत के बाद एसएसपी ने भी महज सस्पेंड करने की कार्रवाई का दिखावा ही किया। मामला एक महिला फरियादी का है, जो अपने जीजा और पति के साथ विवाद के बाद न्याय के लिए सिटी थाने पहुंची थी। उसका आरोप है कि उसे पुलिस से न्याय तो दूर उल्टा दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा।
एसएसपी के समक्ष पेश हुई पीड़िता ने आरोप लगाया था कि जब वह थाने गई तो शिकायत सुनने के बाद जांच अधिकारी थानेदार रणजीत सिंह ने उसके साथ बदसलूकी की। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि थानेदार ने न्याय दिलाने के बदले शारीरिक संबंध बनाने की पेशकश की। पीड़िता ने बताया कि जीजा से विवाद के कुछ दिन बाद जब वह दूसरी बार पति से झगड़े के मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए थाने पहुंची तब भी उसे थानेदार रणजीत सिंह के गलत आचरण का सामना करना पड़ा। पीड़िता ने बताया कि उसने आपबीती से जिला पुलिस मुखी बलजोत सिंह रठौर को अवगत करा दिया, लेकिन मामले में एसएसपी ने भी कार्रवाई का ड्रामा रचा। उन्होंने मौखिक रूप से तो थानेदार को सस्पेंड करने के आदेश दिए, पर उन्होंने वास्तव में कोई कार्रवाई नहीं की।
उधर, मामले में जिला पुलिस मुखी बलजोत सिंह राठौर ने कहा कि वह मामले की असलियत का पता लगा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामले में जरूर न्याय संगत कदम उठाया जाएगा।