शहर में 22 से 25 तक ज्वेलरी की दुकानें रहेंगी बंद
225 से ज्यादा दुकानों में चार दिन तक सोना नहीं बिकेगा
गरमी की छुट्टियां मनाने परिवार संग देश-विदेश जा रहे हैं घूमने
पंचकूला के ज्वेलर्स भी 19 से 23 जून तक रहेंगे छुट्टियों में
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
शहर की 225 से ज्यादा ज्वेलरी की दुकानों में चार दिन तक सोना नहीं बिकेगा। चंडीगढ़ ज्वेलर्स एसोसिएशन ने अपने अंतर्गत आने वाली दुकानों को 22 से 25 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया है। पंचकूला ज्वेलर्स एसोसिएशन ने भी 19 से 23 जून तक अपनी दुकानें बंद करने का फैसला लिया है। इस दौरान आभूषण विक्रेता गरमियों की छुट्टियां मनाने के लिए अपने परिवार के साथ देश-विदेश में जा रहे हैं। पिछले साल भी चंडीगढ़ के आभूषण विक्रेता छुट्टियां मनाने के लिए गए थे। एसोसिएशन एक साथ छुट्टियों पर जाने का सामूहिक निर्णय इसलिए ले रही है ताकि किसी के कारोबार पर प्रभाव न पड़े। शहर में प्रतिदिन करोड़ों रुपये का सोने का कारोबार होता है।
चंडीगढ़ ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सहदेव का कहना है कि इस बार भी आभूषण विक्रेता सामूहिक तौर पर छुट्टी पर जा रहे हैं। उनके 225 से ज्यादा विक्रेता अपनी दुकानें बंद रखेंगे। इसका एक फायदा रहता है कि आभूषण विक्रेता अपने परिवार को भी समय दे पाते हैं। जबकि ऐसा कभी मौका नहीं मिलता जब परिवार तीन से चार दिन एक साथ कहीं घूमने के लिए जाएं।
पंचकूला ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीप कृष्ण चौहान का कहना है कि 8 साल से वे अपनी दुकानें गरमियों की छुट्टियों में बंद कर रहे हैं। उनके बाद ही चंडीगढ़, मनीमाजरा और बलटाना के आभूषण विक्रेताओं ने गरमियों की छुट्टियों में जाने का फैसला लिया था।
ज्वेलर्स एसोसिएशन चंडीगढ़ वाली दो दर्जन दुकानें खुलेंगी
वहीं शहर में दूसरी ज्वेलर्स एसोसिएशन चंडीगढ़ है, उसने दुकानें बंद न करने का निर्णय लिया है। इस एसोसिएशन के अंतर्गत दो दर्जन दुकानदार हैं। इस एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद तलवार का कहना है कि उनकी एसोसिएशन के अंतर्गत आने वाली दुकानें खुली रहेंगी। उनकी एसोसिएशन में सेक्टर-22 के तलवार, निक्कामल-बाबूराम, सेक्टर-17 के मंगत राम राज कुमार, सेक्टर-19 के कृष्णा ज्वेलर्स के अलावा और शोरूम शामिल हैं।