आत्मदाह करने वाले किसान के बेटे ने तोड़ा दम
- किसान ने कस्बा महिलकलां में बेटे के साथ खुद को लगाई थी आग
- पिता गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला ।
कस्बा महिलकलां में किसान पिता-पुत्र के आत्मदाह करने की घटना के बाद सोमवार को किसान के बेटे ने उपचार के दौरान पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल में दम तोड़ दिया। उधर, पिता की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। बेटे के साथ आत्मदाह करने वाले किसान लखवीर सिंह ने जमीन ठेके पर देने को लेकर अपने सगे भाई से विवाद के बाद रविवार को आत्मदाह जैसा कदम उठाया था। आत्मदाह करने में उसका बेटा रविंदर सिंह भी शामिल था।
घटना से पहले दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई थी। गुस्साएं किसान लखवीर सिंह ने बाद में खुद और अपने बेटे रविंदर सिंह के शरीर को आग के हवाले कर दिया। रविंदर सिंह को राजिंद्रा अस्पताल पटियाला में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों का कहना था कि घटना में पिता-पुत्र का शरीर करीब 90 प्रतिशत झुलस चुका था। महिलकलां के थाना प्रभारी शशि कपूर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अभी किसान लखवीर सिंह बयान देने के योग्या नही हैं। होश में आने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।