चंडीगढ़। भाजपा प्रत्याशी किरण खेर ने रविवार को कई जनसभाओं को संबोधित किया। मनीमाजरा में जनसभा के दौरान खेर ने कहा कि पवन बंसल ने 15 साल तक यहां से सांसद रहते हुए केवल अपना व अपने परिवार का विकास किया, जबकि पिछले पांच साल के दौरान उन्होंने अपने परिवार से दूर रहकर चंडीगढ़ के विकास की बात की है।
किरण खेर ने कहा कि उन्होंने सरकारी नौकरियों में उम्र सीमा बढ़वाई है और अब चुनाव जीतने के बाद सरकारी नौकरियों में चंडीगढ़ के लोगों को प्राथमिकता दी जाए, इसपर काम करेंगी। मदर्स डे पर बात करते हुए सांसद खेर सेक्टर-28 में भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि पति शूटिंग के सिलसिले में अकसर विदेश में रहते हैं। बेटा मुंबई में है। लेकिन उन्होंने अपने जीवन को सिर्फ चंडीगढ़ के लोगों तक सीमित कर लिया है। खेर ने कहा कि वे पांच साल के दौरान दिवाली के अलावा कभी मुंबई नहीं गईं और न ही उन्होंने कोई फिल्म साइन की है।