पंचकूला। सेक्टर-9/10 के चौक पर सोमवार देर ओवरटेक करने के दौरान दो कारों में टक्कर हो गई। इसके बाद वहां जमकर विवाद हुआ। इतना ही नहीं आरोपी कार चालक ने पीड़ित के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद मौके पर सेक्टर-5 थाना पुलिस पहुंची, जिसने घायल को सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि वह आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेंगे। घायल की पहचान भगवान दास बैक्टर निवासी सेक्टर-15 के रूप में हुई है।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात को मनीमाजरा से पंचकूला घर लौट रहे थे। उनके पीछे एक ऑल्टो कार बड़ी तेजी से आ रही थी। जब वह सेक्टर-9/10 के चौक पर पहुंचे तो पीछे से आ रही कार ने ओवरटेक के दौरान कार में टक्कर मार दी। घटना के बाद दोनों लोगों ने कारों को साइड में लगा दिया। लेकिन जब उन्होंने टक्कर मारने वाले कार चालक से कारण पूछा तो वह भड़क उठा और कार में से लोहे की रॉड निकाल लाया, इसके बाद उसने उस पर कई वार किए। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान पीछे से दूसरी कार आती देखकर वह अपनी कार को छोड़कर मौके से भाग निकला। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।