पेड़ों की प्रूनिंग के लिए चार नई आधुनिक मशीनें आईं
राष्ट्रपति भवन में भी ऐसी ही छंटाई मशीन का हो रहा है इस्तेमाल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
नगर निगम ने शहर के पेड़ों की प्रूनिंग करने के लिए चार आधुनिक मशीनें खरीद ली हैं। ये मशीनें 62.55 लाख रुपये खरीदी हैं, जिसकी डेढ़ साल की गारंटी है। मेयर देवेश मोदगिल ने सबसे पहले इन मशीनों का उद्घाटन अपने वार्ड के सेक्टर-47 में किया। यहां पर बागवानी विभाग ने मार्केट में पेड़ों की छंटाई की। इस मौके पर मेयर देवेश मोदगिल के अलावा कमिश्नर जितेंद्र यादव और चीफ इंजीनियर मनोज बंसल भी मौजूद रहे।
इन मशीनों का डेमो देखने के लिए पिछले साल दिसंबर में निगम की एक टीम करनाल गई थी। इस तरह की मशीन राष्ट्रपति भवन में भी चल रही है। इसके अलावा करनाल, गुड़गांव और नई दिल्ली नगर पालिका में भी यह मशीनें चल रही हैं। अभी शहर में एलईडी लाइट्स लगाने का काम चल रहा है। कई जगह पर एलईडी लाइट्स लगी हैं, लेकिन उनकी रोशनी कम है। अधिकारियों का दावा है कि इन प्रूनिंग मशीनों से पूरे शहर के पेड़ों की छंटाई की जाएगी जिससे एलईडी लाइट्स की रोशनी भी ज्यादा नजर आएगी।
इस समय शहर के पेड़ों की प्रूनिंग मैनुअल तरीके से बूम बैरियर द्वारा कटर से होती थी लेकिन इस नई प्रूनिंग मशीन में जो वाहन चलाएगा वहीं प्रूनिंग करेगा। यह मशीन 22 फुट ऊंचे पेड़ की प्रूनिंग कर सकती है। ये मशीनें दो लीटर तेल पर एक घंटे तक काम करेंगी। इस समय शहर में एक लाख 63 हजार पेड़ हैं। सड़क किनारे लगे पेड़ों की टहनियां कई जगह लटक रही हैं जिससे कई बार स्ट्रीट लाइट की रोशनी भी कम हो जाती है।
मेयर मोदगिल का कहना है कि एक मशीन को चलाने के लिए सिर्फ एक ही कर्मचारी की जरूरत है। हर मशीन के साथ एक ट्राली भी अटैच की गई है ताकि गिरने वाले बागवानी वेस्ट को इस ट्राली में साथ साथ ही उठाकर रखा जाए। पहले फेज में वी-3 और वी-4 सड़कों के किनारे पर लगे पेड़ों की प्रूनिंग की जाएगी।