नेट की परीक्षा एक बार करने के विरोध में प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
साल में दो की बजाए नेट की परीक्षा एक बार ही करवाने के विरोध में छात्र संगठनोें ने प्रदर्शन किया। बुधवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने पीयू के स्टूडेंट सेंटर पर विरोध जताया। इस दौरान छात्र संघ स्टूडेंट्स फॉर सोसायटी (एसएफएस) के सदस्य भी मौजूद रहे। वहीं एक दिव्यांग छात्र प्रेम चंद ने आरोप लगाया कि उसने जो नेट की परीक्षा दी थी, उसका रिजल्ट घोषित नहीं किया जा रहा। प्रदर्शन के दौरान पीयू सिक्योरिटी और पुलिस टीम भी मौजूद रही।
बता दें कि पहले साल में दो बार नेट की परीक्षा होती थी। एक बार जून में और दूसरी दफा नवंबर में इसका आयोजन किया जाता था। वहीं अब से परीक्षा भी एक बार होेगी और उसमें से चुने भी 6 फीसदी स्टूडेंट जाएंगे। इसी के विरोध में छात्र संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। आइसा के चंडीगढ़ प्रधान विजय ने बताया कि सरकार हायर एजुकेशन में नित नए बदलाव कर शिक्षा का स्तर गिराने का काम कर रही है। इसी तरह नेट की परीक्षा में कटौती करना भी स्टूडेंट विरोधी फैसला है, जो वापस लिया जाना चाहिए।