पंचकूला। जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 2.08 लाख 807 को टीका लगाया गया है। इसमें से एक लाख 1.59 लाख 900 को पहली खुराक और 48 हजार 907 को दूसरी खुराक लगाई गई है। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि बुधवार को 1397 को वैक्सीन लगाई गई। इसमें 1256 को पहली खुराक और 91 को दूसरी खुराक दी गई। हरियाणा ग्रामीण स्वास्थ्य परीक्षण योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच घर-घर जाकर की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान महामारी के परिदृश्य में कोविड लक्षणों की जांच करना और टी-3 अर्थात (टॉक, टेस्ट और ट्रीट) को अपनाना अनिवार्य कर दिया है। लेकिन, यह स्कीम केवल कोविड जांच तक सीमित नहीं होगी बल्कि सभी ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि ग्राम स्तरीय टीमों की संरचना गांव की फील्ड टीम एवं मुख्यालय टीम बनाई गई है। उन्होंने बताया कि सभी फील्ड टीमें गांव में घर-घर जाकर सर्वे कर रही है और मुख्यालय टीम गांव में केंद्रित स्थान पर बैठकर स्वास्थ्य शिविर में स्क्रीनिंग एवं जांच का कार्य कर रही है। उपायुक्त ने बताया कि गांव की फील्ड टीम और मुख्यालय टीम लोगों को स्वास्थ्य शिविर में भेजने और सामाजिक दूरी और कोविड नियमों की पालना कर लोगों को स्वास्थ्य लाभ दे रही है। हर रोज गावों में टीमें सर्वे कार्य कर रही हैं और कम लक्षण वालों को होम आइसोलेट कर स्वास्थ्य किट प्रदान कर रही है। जिले के लगभग 145 गांवों में यह कार्य कर लिया गया है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।