मार्च तक सीटीयू के बेड़े में शामिल होंगी 80 बसें
डिलीवरी में देरी पर कंपनियों पर लगेगी 5 फीसदी पेनाल्टी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सीटीयू के बेड़े में दिसंबर में शामिल होने वाली 40 बसें जनवरी तक नहीं आईं। इसके चलते ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट को काफी परेशानी हो रही है। समय पर बसें मुहैया न कराने कराने पर अब कंपनी पर 5 प्रतिशत की पेेनाल्टी लग सकती है। ट्रांसपोर्ट सेक्रेट्री अजय सिंगला ने बताया कि 80 बसें आनी थीं। लेकिन अब तक कंपनी ने इन बसों की डिलीवरी नहीं की। एग्रीमेंट के मुताबिक 5 प्रतिशत पेनाल्टी कंपनियों पर लगाई जाएगी। फिर भी देरी होती है तो इसे बढ़ाकर 10 फीसदी कर दिया जाएगा।
बसें बनाने वाली दो प्रमुख कंपनियों टाटा और अशोक लेलैंड के साथ यूटी ट्रांसपोर्ट विभाग ने कुछ समय पहले यह एग्रीमेंट किया था। एग्रीमेंट के मुताबिक 40 बसें टाटा जबकि 40 बसें लेलैंड को डिलीवर करनी हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार टाटा ने जनवरी तक 40 बसों की और अशोक लेलैंड ने भी मार्च तक 40 बसों की डिलीवरी देनी है। यानी मार्च तक कुल 80 बसें सीटीयू के बेड़े में आने की उम्मीद है। इन बसों के आने के बाद कई ऐसे रूटों पर बसें चलाई जा सकेंगी। जहां अभी कम तादाद में बसें चल रही हैं।