पीजीआई का कन्वोकेशन स्थगित, डॉक्टर नाराज
चार फरवरी को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा हिस्सा को भी शामिल होना था
ऐन वक्त पर मुख्य अतिथि के आने का कार्यक्रम रद्द होने से डॉक्टरों में मायूसी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पीजीआई ने चार फरवरी को होने वाले कन्वोकेशन को स्थगित कर दिया है। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा हिस्सा लेने वाले थे। बताया जा रहा है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की ओर से आखिरी वक्त में आने कार्यक्रम का रद्द कर दिया गया। हालांकि, आखिरी वक्त में कन्वोकेशन स्थगित किए जाने से जूनियर डॉक्टरों में नाराजगी है। उनका कहना है कि चीफ गेस्ट नहीं आ रहे तो क्या हुआ। डिग्री डायरेक्टर व सीनियर से ही ले लेते। चीफ गेस्ट के आने या नहीं आने का कोई फर्क नहीं पड़ता। फर्क पड़ता है तो सिर्फ डिग्री का।
साल 2015 के बाद से कन्वोकेशन नहीं हुई है, जिन्हें कन्वोकेशन में आना था, वे अधिकतर साउथ में रहते हैं या विदेश में। सबने टिकट बुक करवा ली थी। तैयारी पूरी थी, लेकिन ऐन वक्त पर सब कुछ कैंसिल करना पड़ा। किसी की टिकट 15 हजार तो किसी की टिकट 25 हजार की पड़ी थी। यही नहीं, स्टूडेंट के पेरेंट्स ने भी आने का कार्यक्रम बनाया था, उनकी भी तैयारियों को झटका लगा है। इससे स्टूडेंट में खासी नाराजगी है। पीजीआई के रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ. उत्तम ठाकुर ने बताया कि सिर्फ एक व्यक्ति की वजह से सैकड़ों स्टूडेंट को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हमें सिर्फ डिग्री से मतलब है। एक सादे समारोह में डिग्री दे दें, हम संतुष्ट हो जाएंगे।