‘पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के जज की निगरानी में दोबारा हो सर्वे’
टाउन वेंडिंग कमेटी के पास अंतिम दिन तक 49 लोगों ने दर्ज कराईं आपत्तियां
20 दिसंबर तक कमेटी आपत्तियाें पर विचार कर ड्राफ्ट बायलाज में संशोधन करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी की ओर से वेंडर्स के लिए मांगे गए सुझाव और आपत्तियों की समय सीमा 10 दिसंबर को समाप्त हो गई। कमेटी के सदस्य वीएन शर्मा ने बताया कि अंतिम दिन सोमवार तक 49 लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। लोगों ने सुझाव भी दिए हैं। इन आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। 20 दिसंबर तक कमेटी बैठक कर आपत्तियों पर विचार कर ड्राफ्ट बायलाज में संशोधन करेगी।
पीपल सिविल लिबर्टिज पंजाब और हरियाणा के सचिव राजेंद्र मोहन कश्यप ने सोमवार को आपत्तियां दर्ज करवाईं। उन्होंने बताया कि प्राइवेट एजेंसी से जो सर्वे कराया गया है उसे रद्द करके पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के जज की निगरानी में दोबारा सर्वे कराया जाए। शहर की अलग-अलग बूथ मार्केट और शोरूम के मालिकों ने भी आपत्तियां दर्ज कराई हैं। बूथ मार्केट और शोरूम के मालिकों ने कहा है कि उनके शोरूम और बूथ के सामने वेंडरों को न बैठाया जाए। इसके कारण उनके बिजनेस पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
इन्होंने दर्ज कराई आपत्तियां और दिए सुझाव
सेक्टर-19 के सदर बाजार के दुकानदारों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि पार्किंग एरिया से तुरंत वेंडर हटाए जाएं। दुकानदार नरेंद्र सिंह रिंकू, राकेश कुमार नीटा, हरजीत कुमार, विनोद पंजेता, रामभरोसे सहित अन्य दुकानदारों ने अपनी आपत्तियाें में कहा है कि पार्किंग को खाली करवाना जरूरी है। मार्केट के दुकानदारों और ग्राहकों को गाड़ियां पार्क करने की जगह नहीं मिलती है। इसके कारण बिजनेस पर असर पड़ रहा है।
सेक्टर-17 के चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान कमलजीत सिंह पंछी ने बताया कि उन्होंने आपत्तियां दर्ज करा दी है। वेंडरों को जल्द से जल्द सही जगह पर शिफ्ट किया जाए ताकि शहर के दुकानदार चैन से काम कर सकें। चंडीगढ़ व्यापार मंडल की ओर से भी टाउन वेंडिंग कमेटी को अपनी आपत्ति दर्ज कराई गई है। इस मौके पर चरंजीव सिंह, अनिल वोहरा, संजीव चड्ढा सहित अन्य लोगों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई।
सेक्टर-22 शास्त्री मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन ने पहले ही अपनी आपत्ति और सुझाव कमेटी को सौंप दिए थे। शास्त्री मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव परमजीत तुंगल ने बताया कि मार्केट में 316 दुकानदार और उनके स्टाफ हैं। दुकानदारों, स्टाफ और ग्राहकों को अपने वाहन पार्क करने की जगह नहीं मिलती। पार्क में वेंडर बैठे हैं। इससे परेशानी हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने कमेटी को यह भी बताया कि पूरी पार्किंग में अवैध वेंडर्स बैठे हैं।
सेक्टर-15 आरडब्ल्यूए ने भी अपनी आपत्ति जताई है। प्रधान सुरेंद्र शर्मा ने ग्रीन बेल्ट में 1500 वेंडर्स बैठाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई है। उनका कहना है कि ग्रीन बेल्ट के साथ स्कूल और गर्ल्स हॉस्टल है। वहां पर असामाजिक गतिविधियां होने की संभावनाएं हैं। यहां से वेंडर जोन पूरी तरह से हटा दिया जाए।
बॉक्स
सेक्टर-17 नो वेंडिंग जोन, लेकिन प्लाजा पर वेंडर्स का कब्जा : बजाज
चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल के प्रधान नीरज बजाज ने टाउन वेंडिंग कमेटी के सामने आपत्ति दर्ज करवाते हुए कहा है कि सेक्टर-17 नो वेंडिंग जोन है, लेकिन प्लाजा में वेंडर्स का कब्जा है। पहले सेक्टर-17 प्लाजा में शाम को सैर करने के साथ शॉपिंग का कल्चर था। यह अब खत्म हो गया है, लोग आना पसंद नहीं करते। सड़कों के किनारे पकौड़े और मोमोज तले जा रहे हैं। यह काम बिना फूड लाइसेंस चल रहा है। नीरज बजाज ने सुझाव दिया की वेंडर्स को कहीं और मार्केट बनाकर बैठाना चाहिए। इसमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सेक्टर-17 के प्लाजा का जो कांसेप्ट था, उसे बरकरार रखा गया। इसकी सुंदरता को बरकरार रखा जाना चाहिए।
कोट
रोजी रोटी का ध्यान रखते हुए कमेटी विचार करेगी। सभी आपत्तियों और सुझावों पर सहानुभूति से विचार किया जाएगा।
- वीएन शर्मा, सदस्य, टाउन वेंडिंग कमेटी