42 दिन बाद साल की पहली बारिश
बीते साल 12 दिसंबर को दर्ज की गई थी बारिश, छह डिग्री गिरा तापमान, ठंड लौटी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पूरे 42 दिनों के बाद मंगलवार को इस साल की पहली बारिश हुई। पिछली बारिश बीते साल 12 दिसंबर को हुई थी। बारिश के साथ एक बार फिर ठंड का दौर लौट आया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। शाम साढ़े पांच बजे तक तीन एमएम बारिश रिकार्ड की गई। पूरे दिन बादल छाए रहे। पहले बूंदाबांदी हुई। करीब दो बजे के बाद कुछ जगहों पर अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने करीब एक हफ्ते पहले ही सूचना दे दी थी कि 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इससे पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना जताई थी। हिमाचल, उत्तराखंड के कई इलाकों में अच्छी बर्फबारी भी हुई, जबकि चंडीगढ़ सहित पंजाब, हरियाणा के इलाकों में बारिश रिकार्ड की गई।
रात का तापमान गिरेगा
मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि बारिश के बाद से रात के तापमान में तीन से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार को रात का तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। अगले दो दिन में रात का तापमान 4 से पांच डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकता है। बुधवार को भी हल्के बादल छाए रह सकते हैं, मगर बारिश का कोई चांस नहीं है। सुबह और रात के वक्त हल्की धुंध छाने की संभावना है।
साढ़े तीन महीने में सिर्फ बूंदाबांदी हुई
मौसम विभाग के मुताबिक अक्तूबर में 31.8 एमएम, नवंबर में 9.9 एमएम, दिसंबर 23.4 एमएम और जनवरी में 44.3 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। मगर चंडीगढ़ में अक्तूबर में एक भी बूंद बारिश की नहीं गिरी। 18 नवंबर को सिर्फ बूंदाबांदी हुई। इतनी कम बारिश रही कि चंडीगढ़ मौसम विभाग का मापक यंत्र उसे रिकार्ड भी नहीं कर सका। 12 दिसंबर को 13.8 एमएम बारिश हुई। उसके बाद से लेकर 22 जनवरी तक बारिश की एक भी बूंद नहीं गिरी। जनवरी में औसत बारिश 44 एमएम होनी चाहिए, जबकि अभी मात्र तीन एमएम रिकार्ड हुई है।