सेक्टर 19 में कटा सफेदे के पेड़ का तना।
पंचकूला विकास मंच ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-19 के एक ट्यूबवेल में खड़े 13 सफेदे के पेड़ बिना परमिशन काटने का मामला सामने आया है। लगभग 25 फीट लंबे सफेदे के पेड़ बिना परमिशन कटवा दिए गए। इस मामले में ट्यूबवेल पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सिविल विंग के कर्मचारियों ने सेक्टर-19 सब्जी मंडी के पास बने ट्यूबवेल के पास इन पेड़ों को नगर निगम के कर्मचारियों की मदद से कटवाया है। पेड़ कटवाने से पहले वन विभाग या संबंधित बागवानी विभाग से परमिशन ली जानी थी, लेकिन परमिशन नहीं ली गई। इस मामले में पंचकूला विकास मंच ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के खिलाफ बागवानी विभाग को भी शिकायत दी जा रही है। पंचकूला विकास मंच के राकेश अग्रवाल ने बताया कि कई वर्षों से सेक्टर 19 में दो ट्यूबवेल के पास ये पेड़ लगे थे। इनको सर्वे करवाकर कटवाया गया है या नहीं। पेड़ काटते समय कोई वीडियो या फोटो ली गई थी? इस बारे में जानकारी मांगी जाएगी। राकेश अग्रवाल ने बताया कि पेड़ों के तने काफी मजबूत थे। मिलीभगत कर इन पेड़ों को कटवाया गया है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच की जाए और इसकी लकड़ी किसको बेची गई है और कहां रखी गई है, उसकी स्थिति भी सार्वजनिक की जाए।
इस मामले में बागवानी विभाग हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एसडीओ दिनेश कांबोज ने कहा कि हमसे पेड़ काटने के लिए किसी प्रकार की परमिशन नहीं ली गई है। न सिविल विंग ने हमें पत्र लिखा कि यहां से पेड़ काटने हैं। स्थानीय लोगों ने भी पेड़ काटने के लिए कोई मांग नहीं की थी।