पंचकूला। पुलिस ने कोविड के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाई की है। 12 अप्रैल से लेकर अब तक जिला पुलिस द्वारा नौ मामले दर्ज किए गए हैं। उसमें 13 को गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी पंचकूला ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार का भ्रम पैदा करने वाले मैसेज फारवर्ड न करें। जिला पुलिस ने दस पुलिस नाके लगाए हैं। हरेक नाके पर चार पुलिसकर्मी मौजूद हैं। इसके साथ ही पंचकूला पुलिस के स्थायी नाके पहले ही चल रहे हैं।
पुलिस थाना सेक्टर-14 द्वारा 16 अप्रैल को होम आइसोलेशन में बिना किसी अनुमति के बाहर घूमने पर मामला दर्ज किया है। इस व्यक्ति को सरकारी अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला द्वारा आइसोलेट किया गया था। जिला पुलिस ने चार ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जो कि नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करके घूम रहे थे। पंचकूला पुलिस और थाना पिंजौर की टीम ने ऐसे चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनको गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मास्क न पहनने वालों पर भी कड़ी कार्यवाई की है। 22 अप्रैल को मास्क नहीं पहनने वाले 294 के चालान काटे हैं।