चंडीगढ़। शहर में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर इलेक्शन कमीशन ने शराब के सभी ठेकों को शाम 6 बजे सील किए जाने का आदेश दिया था। इसी के तहत शुक्रवार को एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट की ओर से सभी शराब के ठेकों को सील कर दिए गया। वहीं रेस्टोरेंट और बार में शराब परोसने पर रोक लगा दी गई है। ईटीओ के साथ पहुंचे कर्मचारियों ने शटर बंद कर दुकानों को सील किया। अब यह सील 19 मई को शाम 6 बजे डिपार्टमेंट के कर्मचारी खोलेंगे।
इसके अलावा शहर की सीमाओं के तीन किमी के दायरे में आने वाली शराब की दुकानें बंद रहेंगी। असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट कमिश्नर आरके चौधरी ने बताया कि सभी शराब केे ठेके सील कर दिए गए हैं। किसी प्रकार की शराब की कालाबाजारी न हो इसको लेकर टीमें भी बनाई गई हैं जो शहर भर में निगाह रखेंगी। दस टीमें राउंड द क्लॉक लगातार चेकिंग करेंगी।