वेतन नहीं मिलने से एनएचएम के कर्मचारी गुस्से में
मनीमाजरा अस्पताल में गेट मीटिंग, 13 से भूख हड़ताल पर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अपनी मांगों को लेकर चंडीगढ़ एनएचएम इंप्लाइज यूनियन ने सिविल अस्पताल में एक मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने सामान काम-समान वेतन और सैलरी नहीं मिलने का मुद्दा उठाया है। एनएचएम कर्मियों को पिछले दो महीने से सैलरी नहीं मिली है, जबकि एनएचएम के डाक्टरों को तीन महीने से। इससे कर्मियों में गुस्सा है।
यूनियन का कहना है कि जिस घर पर तीन महीने से सैलरी न आई हो, उसके घर के हालातों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। हर बार चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया जाता है कि एक दो दिन में आ जाएगी। इसके विरोध में एनएचएम के कर्मी 13 फरवरी से भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं। लगातार तीन दिन भूख हड़ताल करेंगे। उसके बाद गेट मीटिंग। उसके बाद भी यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उनका आंदोलन तेज हो जाएगा।
यूनियन प्रधान परमजीत कौर ने बताया कि सैलरी नहीं मिलने से कर्मचारियों में जहां हताशा है, वहीं लोगों में जबरदस्त गुस्सा। हर कर्मी पैसे के लिए मोहताज हो गया है। दूसरी तरफ मनीमाजरा में भी एक मीटिंग हुई, जिसमें जीएमएसएच 16, सिविल हास्पिटल 22, 45 और डिस्पेंसरी में कार्यरत कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान फैसला लिया गया कि 18 व 19 फरवरी को जंतर-मंतर दिल्ली में आल इंडिया एनएचएम कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। मंगलवार को सेक्टर 17 में प्रदर्शन होगा, जहां पर सभी कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।