जनसंपर्क अभियान में सोसाइटी के लोगों ने दिखाया उत्साह
सेक्टर 49 स्थित पीईसी सोसाइटी के लोगों से टंडन ने सीधे की बातचीत
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भाजपा द्वारा चलाये जा रहे जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने रविवार को सेक्टर 49 स्थित पीईसी सोसाइटी के लोगों से सीधे बातचीत की। इस अवसर पर मंडल नंबर 13 की टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सोसाइटी के लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद हीरा नेगी, जिला नंबर 3 के अध्यक्ष देवी सिंह, जिला महामंत्री राजेंद्र शर्मा, सचिव वीके बाली समेत कई पार्टी के वर्कर मौजूद रहे।
संजय टंडन ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास के लिए दिन रात लगी है। 70 वर्षों में पहली बार हुआ है कि बजट में आयकर की छूट को सीधे दोगुना कर दिया गया है। किसानों और मजदूरों के लिए 6 हजार सालाना पेंशन लगाकर मोदी सरकार ने किसानों और मजदूरों को बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। मेड इन इंडिया से देश में रोजगार के नए-नए अवसर पैदा हो रहे हैं। कौशल विकास योजना और मुद्रा योजना से युवा और महिलाओं ने अपने आपको सक्षम बनाने का बीड़ा उठा लिया है। इतना ही नहीं वे अपने साथ-साथ अब अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करवा रहे हैं।