फ्लैग : पूर्व प्रिंसिपल द्वारा चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों से खेतों में काम करवाने का मुद्दा गरमाया
यूनियन ने पूर्व प्रिंसिपल के खिलाफ पीएम और गृहमंत्री को लिखित में शिकायत की
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-23 स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पूर्व प्रिंसिपल द्वारा चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों से खेतों में काम करवाने का मुद्दा गरमा गया है। एजुकेशन डिपार्टमेंट ग्रुप डी इंप्लाइज यूनियन और यूटी कैडर एजुकेशनल इंप्लाइज यूनियन ने पूर्व प्रिंसिपल के खिलाफ प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को लिखित में शिकायत की है। इसके अलावा यूनियन के पदाधिकारी मंगलवार को प्रशासक के सलाहकार से मिलकर कार्रवाई की मांग भी करेंगे। साथ ही यूनियन के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह कंबोज ने कहा है कि इस मामले की शिकायत एससी कमीशन को भी दी जाएगी।
गौरतलब है कि सेक्टर-23 स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पूर्व प्रिंसिपल पर खेतों में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को काम करवाने का आरोप है, इसके खिलाफ दोनों यूनियन की ओर से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। इसमें यूनियन सदस्यों ने शिक्षा विभाग से उन प्रिंसिपल की डिपार्टमेंटल प्रमोशनल कमेटी (डीपीसी) को रद्द करने की मांग की गई, जिनके खिलाफ कई मामले और कई शिकायतें दर्ज हैं। यूनियन अध्यक्ष स्वर्ण सिंह कंबोज ने कहा कि दोनों यूनियन की लीडरशिप ने तय किया है कि 25 जनवरी को विभाग के खिलाफ मुंह पर काली पट्टी बांध कर भी प्रदर्शन किया जाएगा।