एयरफोर्स स्टेशन के 100 मीटर दायरे में निर्माण का मामला
हेडिंग
सर्वे पूरा, अब प्रशासन नाम से भेजेगा नोटिस, आपत्तियां मांगीं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। एयरफोर्स स्टेशन से 100 मीटर के दायरे में हुए निर्माण को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा अब बाकायदा नाम से नोटिस भेजे जाएंगे। प्रशासन ने अपना सर्वे पूरा कर लिया है और खसरा नंबर वाइज भी सूची तैयार कर ली है। अब इस माह के अंत में लोगों को उनके नाम से नोटिस भी भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इससे अलावा प्रशासन ने लोगों को से आब्जेक्शन भी मांगे हैं और इसके लिए निर्देश दिए हैं कि लोग सेक्टर-17 संपदा कार्यालय में आकर ये सूची चेक कर सकते हैं।
इस संबंध में लैंड एक्वायर अधिकारी आईएएस अर्जुन शर्मा ने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन के 100 मीटर के दायरे में निर्माण को लेकर प्रशासन ने सर्वे पूरा कर लिया गया है और लोगों को खसरा नंबर वाइज सूची भी चेक करने के लिए बोल दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोगों के नाम से भी नोटिस भेजे जाएंगे, क्योंकि इससे पहले सिर्फ जनरल नोटिस भेजे गए थे। एयरफोर्स स्टेशन के 100 मीटर के दायरे में गांव बेरमाजारा, बहलाना तथा करसान (रामदरबार कालोनी) और अन्य गांवों का एरिया आता है। यही कारण है कि इनमें निर्माण को लेकर प्रशासन ने पहले भी इन्हें नोटिस जारी किए थे, लेकिन बाद में ये मामला हाईकोर्ट पहुंच गया था और उसके बाद ही प्रशासन ने परोपर सर्वे और तैयारी के बाद ही कार्रवाई करने का फैसला लिया था।
गांव के लोगों से मांगे गए हैं आब्जेक्शन
प्रशासन की तरफ से लोगों से इस संबंध में आब्जेक्शन भी मांगे गए हैं। यही कारण है कि अधिकतर लोगों ने अपने आब्जेक्शन दर्ज करवाए हैं कि प्रशासन ने बिना उनका पक्ष लाने ही ये नोटिस भेजे हैं। प्रशासन पहले उनका पक्ष जाने, उसके बाद ही इस संबंध में कोई कार्रवाई करें। वहीं इस संबंध में मार्केट कमेटी के पूर्व डायरेक्टर और बहलाना निवासी जीत सिंह ने बताया कि लोग यहां पिछले कई वर्षों से रह रहे हैं और पूरी मंजूरी लेकर ही लोगों ने यहां निर्माण किया हुआ है इसलिए इन सभी बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को बे-वजह उजाड़ा नहीं जाना चाहिए, इसलिए प्रशासन पहले उनका पूरा पक्ष सूने।