चंडीगढ़। हरियाणा में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तीसरे चरण में 120 सड़कें बनेंगी। केंद्र सरकार ने इन्हें मंजूरी दे दी है। इनके निर्माण पर कुल 549.51 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन सड़कों की कुल लंबाई 1216.95 किलोमीटर है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने यह जानकारी मंगलवार को यहां हरियाणा ग्रामीण सड़क एवं आधारभूत विकास एजेंसी की छठी कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अंबाला जिला की 9, भिवानी जिला की 17, फरीदाबाद जिला की 2, फतेहाबाद जिला की 14, हिसार जिला की 14, जींद जिला की 3, कैथल जिला की 7, कुरुक्षेत्र जिला की 8, महेंद्रगढ़ जिला की एक, पलवल जिला की 12, पानीपत जिला की 11, रोहतक जिला की 4, सिरसा जिला की 7 और सोनीपत जिला की 11 सड़कें बनाई जाएंगी। दुष्यंत ने बताया कि ‘प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना’ के पहले व दूसरे चरण के अंतर्गत आवंटित सारा कार्य पूरा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। योजना के तहत तीसरे चरण को सबसे पहले मंजूरी मिली है।