दूल्हे के घुड़चढ़ी विवाद के बाद सुरक्षा व्यवस्था की चाक चौबंद, 5 स्थायी नाके बनाए गए
सोशल मीडिया पर भड़काऊ व आपत्तिजनक सामग्री के इस्तेमाल पर होगी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला के मौली गांव में एससी समाज के दूल्हे के घुड़चढ़ी का विवाद पुलिस के लिए मुसीबत बन गया है। यहां ग्रामीण पुलिस टीम पर भी हमला कर चुके हैं। हाल ही में पंचकूला बस स्टैंड के सामने इंस्टाग्राम में डाले गए स्टेटस के विवाद में इसी गांव के लड़के दो लड़कों से मारपीट कर चुके हैं। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। शुक्रवार को किसी भी अप्रिय या तनावपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए गांव में करीब 120 पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है, जिसमें महिला पुलिस बल भी शामिल है। इसके अलावा 12 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि किसी ने भी सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री डाली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौली गांव में दो समुदाय के लोगों में कई दिनों से तनातनी चल रही है। 6 अप्रैल को एक एससी समाज की बेटी की शादी हुई थी। इसमें राजपूत समाज के साथ घुड़चढ़ी का विवाद हो गया था। पुलिस कई लोगों को गिरफ्तार भी कर चुकी है। दोनों पक्षों के लोगों में टकराव न हो जाए, इसको लेकर पुलिस चौकन्नी है।
पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस प्रशासन ने गांव मौली में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। सभी जवानों को दंगा विरोधी उपकरणों से लैस किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाने के लिए गांव में 5 स्थायी नाके बनाए गए हैं। निगरानी के लिए 12 विशेष सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और 5 बॉडी कैमरों के साथ पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसमें एक विशेष टियर गैस टीम भी तैनात की गई है, जो जरूरत पड़ने पर तुरंत हस्तक्षेप कर सकेगी। स्थिति पर नियंत्रण और निगरानी के लिए गांव में एक कंट्रोल रूम की स्थापना की जा रही है।
जातिगत टिप्पणी करने पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर जातिगत टिप्पणी या अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष तकनीकी टूल के माध्यम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम पूरे क्षेत्र में हो रही हर गतिविधि की निगरानी करेगा और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करेगा। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि शांति भंग करने वाले शरारती और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर है। पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है और किसी भी स्थिति में नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करने को कहा है। पुलिस के अनुसार नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।