पंचकूला। हरियाणा बोर्ड के रिजल्ट में पिछले सालों की अपेक्षा इस बार सुधार हुआ है। लेकिन रिजल्ट का प्रतिशत बेहतरीन नहीं रहा है। जहां बारहवीं का रिजल्ट बीस फीसदी ठीक हुआ है। वहीं, दसवीं का रिजल्ट केवल छह फीसदी अच्छा हुआ है। पंचकूला जिले में इस बार 4879 स्टूडेंट्स ने दसवीं की परीक्षा दी। इसमें 2597 स्टूडेंट्स सफल हुए। 177 बच्चों की कंपार्टमेंट आई है। वहीं बोर्ड की परीक्षा में इस बार 2105 बच्चे परीक्षा में असफल रहे। पंचकूला जिले का परीक्षा परिणाम 53.23 प्रतिशत रहा। पंचकूला में पिछले साल रिजल्ट 44.57 फीसदी रहा था।
जिला शिक्षा अधिकारी एचएस सैनी ने बताया कि दसवीं के परीक्षा परिणाम में इजाफा हुआ है। गत वर्षों में यह 50 प्रतिशत से भी कम रहा था, जोकि अब कुछ सुधरा है। पिछले साल पंचकूला जिले का 44.57 प्रतिशत था। वहीं, 2016-17 में 45.81 प्रतिशत रहा था। उन्होंने बताया कि सक्षम योजना के तहत रिजल्ट और बच्चों को अच्छी एजूकेशन देने के लिए काम किया जा रहा है। इस बार रिजल्ट में लड़कियों ने बाजी मारी है।
पंचकूला के दो सरकारी मॉडल स्कूल अपनी परफार्मेंस देने में सफल रहे। न्यू स्टैंडर्ड स्कूल बरवाला की महक देवी ने चौथा स्थान 95.6 फीसदी अंक हासिल कर किया। इसी स्कूल की संजना शर्मा ने 95.4 अंक लेकर पांचवां स्थान हासिल किया। इसी स्कूल की प्राची गुरदयाल ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 6वां स्थान हासिल किया है। वहीं 7वें स्थान पर पंचकूला 12ए के सार्थक स्कूल की गरिमा 94.4 अंक, 8वें स्थान पर पंचकूला सेक्टर-19 से हेमंत रावत 94 प्रतिशत अंक, 9वें स्थान पर नोबल हाई स्कूल से वैशाली 93.8 अंक, 10वें स्थान पर पंचकूला 12ए के सार्थक स्कूल से तमन्ना 93.6 अंक व न्यू स्टैंडर्ड स्कूल से साक्षी 93.6 अंक हासिल किये हैं। सेक्टर-7 स्थित जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में टॉप स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के साथ पहुंचकर खुशी का इजहार किया।