मोहाली। चंडीगढ़ इंटरनेश्नल एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति को सात कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान लखविंद्र सिंह निवासी कैथल, हरियाणा के रूप में हुई है। वह इंडिगो फ्लाइट से दुबई जा रहा था।
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के एसएचओ बलजीत सिंह विर्क ने बताया कि सीआईएसएफ को स्कैनिंग के दौरान लखविंद्र सिंह के बैग में संदिग्?ध सामान होने की पुष्टि हुई। बैग को चेक किया तो उसमें से सात कारतूस बरामद हुए। उसे पकड़कर पुलिस स्टेशन लगाया गया, जहां उसके खिलाफ असलाह एक्ट की धाराओं 25-54-59 के तहत केस दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि उसके पास लाइसेंसी रिवॉल्वर है जिसके यह कारतूस हैं। दुबई जाने के लिए वह घर से जिस बैग में अपना सामान डालकर लाया था, उसमें गलती से कारतूस पड़े रह गए थे और रिवॉल्वर उसके घर पर ही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी उक्त कारतूस साथ ले जाने संबंधी कोई मंजूरी नहीं दिखा सका, ऐसे में उसे गिरफ्तार करके ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर न्यायिक हिरास्त में भेज दिया गया।