बच्ची से छेड़छाड़ करने वाला घडुआं निवासी गिरफ्तार
- पटियाला निवासी किशोरी आई थी पीजीआई
- फुटपाथ पर सो रही बच्ची से कर रहा था छेड़छाड़
- सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पटियाला से पीजीआई में इलाज के लिए आई 14 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप में सेक्टर-11 थाना पुलिस ने 54 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान घडुआं निवासी सिकंदर सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 354 आईपीसी और पॉक्सो एक्ट 8 के तहत केस दर्ज कर बुधवार को उसे जिला अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस ने पीड़िता के धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करवा दिए हैं।
मामले में पुलिस को शिकायत पीजीआई इमरजेंसी वार्ड के पास तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने दी है। शिकायत के अनुसार सिक्योरिटी गार्ड जगवीर सिंह 8 और 9 मई की रात पीजीआई की इमरजेंसी वार्ड के बाहर ड्यूटी दे रहा था। इस दौरान उसने देखा कि इमरजेंसी के बाहर फुटपाथ पर सो रही एक बच्ची से सिकंदर सिंह छेड़छाड़ कर रहा था।