बार्डर पर दूसरे दिन भी सर्च आपरेशन
एडीजीपी, आईजी बार्डर रेंज, डीआईजी, एसएसपी कर रहे आपरेशन की निगरानी
गांव बरीला के संदिग्ध कॉल ट्रेस होने के बाद शनिवार को शुरू हुआ था अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
कस्बा कलानौर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर गांव बरीला के पास कथित रूप से संदिग्धों की काल ट्रेस होने के बाद बीएसएफ और पुलिस का संयुक्त सर्च आपरेशन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। आपरेशन की निगरानी एडीजीपी ला एंड आर्डर गौरव यादव, आईजी बार्डर रेंज सुरेंद्र पाल सिंह परमार, डीआईजी एके मित्तल, एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस अधिकारी संदिग्ध काल ट्रेस होने और किसी भी गिरफ्तारी से साफ इनकार कर रहे हैं। खास बात यह है कि यह वही इलाका है, जहां से करीब एक माह पहले तीन पाकिस्तानी किश्तियां मिली थीं।
बताया गया कि गांव बरीला से पाकिस्तान में हुई एक कॉल ट्रेस की गई। यह काल शुक्रवार की शाम ट्रेस की गई थी। इसमें चार संदिग्धों के बीच बातचीत होने के बात कही जा रही है। इसके बाद शनिवार को पुलिस ने बीएसएफ के साथ मिलकर इलाके में सर्च आपरेशन शुरू कर दिया था। रविवार को दूसरे दिन भी यह आपरेशन जारी रहा। आईजी बार्डर रेंज का कहना है कि किसी भी प्रकार का खौफ खाने की जरूरत नहीं है। यह रुटीन चेकिंग है। काल ट्रेस पर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, चेकिंग गणतंत्र दिवस के चलते की जा रही है। बीएसएफ गुरदासपुर रेंज के डीआईजी राजेश शर्मा का कहना है कि जवान पूरी तरह से मुस्तैद है। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा और भी बढ़ा दी गई है।
भारत-पाक सीमा पर 13 दिसंबर को मिली थी तीन किश्तियां
भारत-पाक सीमा पर 13 दिसंबर 2017 को संदिग्ध परिस्थितियों में तीन पाकिस्तानी किश्तियां मिली थीं। एक किश्ती धर्मकोट पत्तन के पास मिली थी, जिसके दोनों सिरों पर पाकिस्तानी झंडे लगे थे। बाकी की दो किश्ती आसपास के क्षेत्रों से बरामद की गई। अब पुलिस लगभग उसी इलाके में जांच कर रही है और उसे गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रुटीन चेकिंग बता रही है।
सुरक्षा एजेंसियों ने 14 दिसंबर को भी पकड़ा था मैसेज
मकौड़ा पत्तन के पास के गांव भरियाल में 14 दिसंबर 2017 को भी कथित रूप से संदिग्ध दिखे थे। इसके बाद 15 दिसंबर को पुलिस, एसएसजी और स्वैट की टीमों ने इलाके का चप्पा चप्पा छाना था। साथ ही सीमा पर स्थित गुज्जरों के डेरों को उठाने के लिए भी कह दिया है। उस वक्त भी बताया गया था सुरक्षा एजेंसियों ने बमियाल सेक्टर के लसियाण एरिया में पाकिस्तान का एक वायरलेस मैसेज पकड़ा था। इसमें पूछा गया था कि मेहमान पहुंचे। इस मैसेज का जवाब इकबाल नामक व्यक्ति दे रहा था, जिसका अभी तक कुछ पता नही लग पाया है।