इनोवेटिव आइडिया हैं तो 1 अगस्त तक करें आवेदन
स्टार्ट अप के तहत युवाओं को आगे बढ़ने का मौका देगा प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
स्टार्ट अप प्रोग्राम के तहत युवाओं को बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने नई पहल की है। युवाओं को स्टार्ट अप के तहत अपना कारोबार शुरू करने में मदद के लिए प्रशासन ने शहर के आईटी पार्क में इंटरप्रन्योर डेवलपमेंट सेंटर (ईडीसी) बनाया है। जहां प्रशासन की ओर से युवाओं को बिजनेस शुरू करने के लिए जगह मुहैया कराई जाएगी। ईडीसी सेंटर में इनक्यूबेशन सेंटर में जगह लेने के लिए युवा अपने आइडिया के साथ पहली अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
आईटी डिपार्टमेंट के मुताबिक आवेदक स्पिक इंडिया डॉट कॉम वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदक के पास कंपनी एक्ट के तहत रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। इन्क्यूबेशन सेंटर में केवल वहीं कंपनी बिजनेस शुरू कर सकती है, जोकि सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, वेब डेवलपमेंट, मोबाइल एप्लीकेशन साफ्टवेयर तैयार करने, टेक्नोलॉजी बेस्ड डेवलपमेंट सर्विसेज से जुड़े बिजनेस हो। आवेदक का बिजनेस चलते हुए एक साल से ज्यादा का समय नहीं होना चाहिए। बैक ऑफिस कॉल सेंटर, सेल्स एंड मार्केटिंग, बीपीओ, केपीओ और ट्रेनिंग सेंटर नहीं चला सकते। आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए। किसी भी गवर्नमेंट आर्गेनाइजेशन या एजेंसी से आवेदक का बिजनेस ब्लैकलिस्टेड नहीं होना चाहिए। इंटरप्रन्योर डेवलपमेंट के लिए ईडीसी में प्लग एंड प्ले की सुविधा होगी। वहा युवा बैठकर काम कर सकेंगे। एक अगस्त तक इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। ईडीसी में और भी कई सुविधाएं दी जाएंगी।
इंटरप्रन्योर डेवलपमेंट के लिए प्रशासन युवाओं को उनके आइडिया पर काम करने का मौका देगा। उन्हें मामूली खर्च पर ऑफिस के लिए जगह उपलब्ध करवाया जाएगा। सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ आइटी इन चंडीगढ़ (स्पिक) ने इसके लिए आवेदन मांगे हैं। पहले स्पिक में ऑक्शन के आधार पर ऑफिस स्पेस दिया जाता था। इसमें बेहतर आइडिया वाले युवा पैसों की कमी के कारण पिछड़ जाते थे, जबकि ईडीसी का मुख्य उद्देश्य ही उद्यमिता को बढ़ावा देना है।