पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन ने पंचकूला में दो और चंडीगढ़ में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इनमें 105 युवाओं ने रक्तदान किया। पहला रक्तदान शिविर पंचकूला में श्री माता मनसा देवी परिसर में श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सहयोग से और ब्लड बैंक नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला से डॉक्टर अमित सम्मी की देखरेख में हुआ। पंचकूला चैरिटेबल ट्रस्ट की टीम ने डॉ. श्रुति सिंगला की देखरेख में रक्त एकत्रित किया गया।
दूसरा शिविर भारत विकास परिषद भवन सेक्टर-12ए में भारतीय मजदूर संघ के सहयोग से किया गया। ब्लड बैंक जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ की टीम ने रक्त एकत्रित किया। तीसरा रक्तदान शिविर भारती भवन सेक्टर-30 चंडीगढ़ में चंडीगढ़-तमिल संगम के सहयोग से लगाया गया। इसमें ब्लड बैंक पीजीआई चंडीगढ़ की टीम ने डॉक्टर अपलक गर्ग की देखरेख में रक्त एकत्रित किया। इन तीनों शिविरों में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा पंचकूला और रेड क्रॉस सोसायटी यूटी चंडीगढ़ ने अहम भूमिका निभाई।
विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि तीनों शिविरों में कुल 120 रक्तदाताओं ने रक्तदान करने के लिए पंजीकरण करवाया। इनमें से 15 रक्तदाताओं को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की वजह से डाक्टरों की ओर से रक्तदान करने से मना कर दिया गया। 105 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि पहले रक्तदान जब जरूरत होती थी तब किया जाता था। अब तो कई लोग ऐसे भी हैं, जो जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर भी रक्तदान करते हैं। रक्तदान जीवन का सबसे बड़ा दान है, जिससे मनुष्य न जाति देखता है न धर्म देखता है। यह मनुष्य के लिए जीवन का सबसे पुनीत कार्य है।
तीनों शिविरों की समाप्ति पर सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र और गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से मुलखराज मनोचा, सुनीता मनोचा, प्रदूमन बरेजा, पूनम बरेजा, पवन मनचंदा, हर्ष मनचंदा, श्याम सुंदर साहनी, सविता साहनी, साध्वी प्रीति विश्वास, मधु खन्ना, वरिन्द्र कुमार गांधी, राम कुमार गुप्ता, सतीश बिंदल, विशाल कुवर, नीरज यादव, शत्रुघन कुमार आदि उपस्थित रहे।