चंडीगढ़। आखिरकार लोगों को तपती गर्मी से शुक्रवार शाम राहत मिल गई। करीब छह बजे अचानक आंधी आ गई। इससे मौसम में बदलाव आ गया। करीब 56 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलीं। रात साढ़े आठ बजे तक 1.7 एमएम बारिश दर्ज की गई। शाम साढ़े पांच बजे तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आंधी और बारिश के बाद रात साढ़े आठ बजे तापमान 26 डिग्री रिकार्ड हुआ। वीरवार रात साढ़े आठ बजे 32 डिग्री तापमान रिकार्ड हुआ था। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि 14 मई तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। सोमवार को दोबारा से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है, जिससे दोबारा 30-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की बूूंदाबांदी भी हो सकती है।
चंडीगढ़ सहित पूरा उत्तर भारत इन दिनों गर्मी की चपेट में है। तापमान 40 डिग्री के आसपास रिकार्ड किया जा रहा है। वीरवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान था। रात के तापमान में भी लगातार वृद्धि दर्ज हो रही है। वीरवार को लू भी चली। रात का तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। ऐसे में शुक्रवार को मौसम में आया बदलाव लोगों के लिए एक बड़ी राहत है। यह स्थिति अगले 14 मई तक जारी रहने वाली है। इससे दिन व रात के तापमान से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 38 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 से 27 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में 13 और 14 मई को आंधी आ सकती है। बारिश की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को भी हल्के बादल छाए रहेंगे।