जीएसटी के लिए हरियाणा सरकार तैयार: कैप्टन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश जीएसटी के क्रियान्वयन के लिए तैयार है। मंत्रिमंडल की बैठक में इसकी औपचारिक मंजूरी भी दी जा चुकी है। वित्तमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पेट्रोलियम और अल्कोहल पदार्थ जीएसटी के दायरे से बाहर रखे गए हैं, उन पर पहली जैसी कर व्यवस्था ही बरकरार रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और एक जुलाई से जीएसटी पूर्ण रूप से लागू हो जाएगा। करनाल को स्मार्ट सिटी के लिए चुने जाने पर कैप्टन अभिमन्यु ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ये वर्तमान सरकार की सबका साथ-सबका विकास की नीति का ही परिणाम है, जो उपेक्षित इलाकों को अग्रणी शहरों की शृंखला में लाए हैं।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की हितैषी है। इस सरकार ने पहली बार प्राकृतिक आपदाओं से हुए फसलों के नुकसान का सबसे ज्यादा मुआवजा किसानों को दिया। उन्होंने कहा कि सूरजमुखी की 50 प्रतिशत खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर लेने का निर्णय लिया गया है।