पंचकूला। जिले में कोरोना के 10 नए मामले पाए गए हैं। इसमें सात पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। पंचकूला में कोरोना से अब तक 147 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना संक्रमण का रिकवरी रेट 97.76 फीसदी तक पहुंच चुका है। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा टेस्ट की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है।
इससे बची आबादी को भी कवर किया जा सके। अभी टेस्ट की संख्या आठ सौ तक है। सीएमओ ने बताया कि शुक्रवार को सेक्टर-10 में तीन, सेक्टर-12 में दो, सेक्टर-16 में एक, सेक्टर-25 में एक, सेक्टर-4 में एक, सेक्टर-7 में एक, सेक्टर-8 में कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है।
जिले में 86 सक्रिय मामले
पंचकूला। जिला उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि अब पंचकूला में कोरोना संक्रमण के 86 मामले ही रह गए हैं। कोरोना काल के दौरान जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अब तक 1,59,264 सैंपल लिए हैं। इसमें से अब तक जिले में कुल 13,757 संक्रमण के मामले पाए गए हैं। इसमें पंचकूला में 10,505 पाजिटिव मामले सामने आए थे। इन मामलों में से अब तक 10,272 कोरोना संक्रमित ठीक होकर घर जा चुके हैं।